• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 30, 2026

    डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के 24वें CM, सिद्धारमैया के बेटे को भी मंत्रिमंडल में जगह

    डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, 3 जून को लेंगे शपथ

    कर्नाटक के डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को बेंगलुरु में हुई कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके सिद्धारमैया ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने मंजूरी दी।

    कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि डीके शिवकुमार 3 जून की शाम मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल की बैठक के बाद उन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात भी की।

    सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के साथ राज्य मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल किया जाएगा। मौजूदा कैबिनेट से करीब 10 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि नई कैबिनेट में सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटों को भी शामिल किए जाने की चर्चा है। राज्य में चार डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

    डीके शिवकुमार को कांग्रेस के कथित 'रोटेशनल सीएम फॉर्मूले' के तहत मुख्यमंत्री बनाया गया है। सिद्धारमैया ने 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री पद संभाला था।

    बैठक में गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने शिवकुमार के नाम का समर्थन किया। इसके बाद सभी विधायकों ने एकमत से उनके नाम पर मुहर लगा दी। कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल पर्यवेक्षक के तौर पर बैठक में मौजूद रहे।

    डीके शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उनके पास 1400 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। वह कनकपुरा से विधायक हैं और पार्टी के संकटमोचक नेता के रूप में पहचान रखते हैं। हालांकि, उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग समेत कई मामलों की जांच भी चल रही है।

    इस बीच, शिवकुमार के ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने दावा किया है कि वे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद भी सत्ता में वापसी कर सकते हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories