• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 03, 2026

    सरकार ने मेवाड़ यूनिवर्सिटी के दाखिले रोके, चेयरमैन बोले- हाईकोर्ट जाएंगे

    चित्तौड़गढ़ के गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नए प्रवेशों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। राजस्थान सरकार ने फर्जी डिग्री और प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच के बीच यह निर्णय लिया है। अब यूनिवर्सिटी के किसी भी कोर्स में नए छात्रों को एडमिशन नहीं दिया जाएगा।

    सरकार का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में नए छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाई गई है। सरकार का मानना है कि जांच पूरी होने तक नए दाखिले देना छात्रों के हित में नहीं होगा।

    दरअसल, यूनिवर्सिटी के खिलाफ लंबे समय से फर्जी डिग्री जारी करने और अन्य गड़बड़ियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद उदयपुर संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच समिति ने मामले की जांच कर रिपोर्ट सरकार को सौंपी। रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किए जाने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने मेवाड़ यूनिवर्सिटी चित्तौड़गढ़ अधिनियम-2009 की धारा 44(1) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

    इसी बीच फर्जी डिग्री मामले में एसओजी की जांच और कुछ पूर्व पदाधिकारियों व कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद विवाद और गहरा गया। इससे पहले फरवरी में बीएससी नर्सिंग छात्रों ने भी कोर्स की मान्यता को लेकर यूनिवर्सिटी के खिलाफ आंदोलन किया था।

    वहीं, यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अशोक गदिया ने सरकार के फैसले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी नोटिस का जवाब पहले ही दे चुकी है और मामला अभी विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि एसओजी ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ फर्जी डिग्री का कोई मामला दर्ज नहीं किया है। गदिया ने कहा कि बिना अंतिम निष्कर्ष और कानूनी प्रक्रिया पूरी हुए नए प्रवेशों पर रोक लगाना उचित नहीं है। उन्होंने संकेत दिया कि इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी।

    Tags :
    Share :

    Top Stories