• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    December 20, 2025

    भाषण खत्म होते ही अचानक पकड़ा रैकेट, खेल के अंदाज में दिखे मुख्यमंत्री

    देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में शनिवार को उस वक्त अलग ही माहौल बन गया, जब 10वीं अंतरविभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक बैडमिंटन कोर्ट में उतर आए। उद्घाटन भाषण के बाद मंच से नीचे उतरकर वे खिलाड़ियों से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्होंने रैकेट उठाया और सीधे कोर्ट की ओर बढ़ गए।

    मुख्यमंत्री को खेलते देख कुछ पल के लिए खिलाड़ी और अधिकारी हैरान रह गए, लेकिन अगले ही क्षण तालियों की गूंज के बीच सीएम धामी बैडमिंटन खेलते नजर आए। कुछ मिनटों के इस खेल ने पूरे हॉल का माहौल हल्का और उत्साह से भर दिया। सामने वाला खिलाड़ी एक शॉट पर चूक गया तो मुख्यमंत्री हंस पड़े, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग भी मुस्कुराते दिखे।

    सर्विस मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने लगातार पांच शॉट खेले। पांचवें शॉट पर उन्होंने जोरदार स्मैश लगाया, जिसे सामने वाला खिलाड़ी संभाल नहीं पाया और फाउल हो गया। इस पर खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों से मुख्यमंत्री का उत्साह बढ़ाया। दूसरी सर्विस पर मुख्यमंत्री तीसरे शॉट तक खेल में बने रहे, लेकिन इस बार शटल नेट पार नहीं कर सकी। शॉट चूकने के बाद वे मुस्कुराते हुए कोर्ट से बाहर आ गए।

    मुख्यमंत्री का यह सहज और अनौपचारिक अंदाज कार्यक्रम का सबसे चर्चित पल बन गया। खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच अपनापन और जोश साफ नजर आया। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन और मानसिक शांति का भी बड़ा जरिया हैं। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

    सीएम ने भरोसा दिलाया कि अंतरविभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आगे भी जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय खेलों से राज्य में खेल अवसंरचना को नई रफ्तार मिली है और उत्तराखंड एक उभरती हुई खेल शक्ति के रूप में पहचान बना रहा है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories