• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 02, 2026

    हेल्थ टिप्स: ज्यादा या कम नहीं, उम्र के अनुसार पिएं सही मात्रा में दूध

    गर्मियों में राहत देते हैं नेचुरल कूलिंग हर्ब्स, जानिए इनके फायदे और सेवन का सही तरीका

    गर्मियों में तेज धूप, पसीना, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में शरीर का तापमान संतुलित रखने और हाइड्रेशन बनाए रखने के लिए लोग प्राकृतिक उपायों की तलाश करते हैं। भारतीय रसोई में मौजूद पुदीना, सौंफ, धनिया, खस और तुलसी जैसी नेचुरल कूलिंग हर्ब्स इस मौसम में काफी फायदेमंद मानी जाती हैं।

    विशेषज्ञों के अनुसार, कूलिंग हर्ब्स शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करने, पाचन सुधारने और शरीर को तरोताजा बनाए रखने में मदद करती हैं। कुछ हर्ब्स शरीर को ठंडक का एहसास कराती हैं, जबकि कुछ वास्तव में शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में भूमिका निभाती हैं।

    कैसे काम करती हैं कूलिंग हर्ब्स

    सीनियर डाइटीशियन डॉ. अमृता मिश्रा के अनुसार, ये हर्ब्स शरीर के थर्मोरेगुलेशन सिस्टम को प्रभावित करती हैं। पुदीना में मौजूद मेंथॉल शरीर के कोल्ड रिसेप्टर्स को सक्रिय कर ठंडक का एहसास कराता है। वहीं धनिया और खस जैसी हर्ब्स शरीर से गर्मी बाहर निकालने और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।

    कुछ हर्ब्स शरीर में पसीना बढ़ाकर प्राकृतिक रूप से गर्मी कम करती हैं, जबकि कुछ त्वचा की ओर रक्त प्रवाह बढ़ाकर हीट लॉस को बढ़ावा देती हैं।

    गर्मियों में सबसे उपयोगी कूलिंग हर्ब्स

    गर्मियों में पुदीना, सौंफ, धनिया, खस, बेल, सब्जा बीज और गुलकंद का सेवन लाभकारी माना जाता है। ये न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाते हैं और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते।

    डाइट में कैसे करें शामिल

    इन हर्ब्स का सेवन कई तरीकों से किया जा सकता है। सौंफ या धनिया का पानी, पुदीना और धनिया की चटनी, बेल का शरबत, गुलकंद युक्त दूध, सब्जा बीज वाले ड्रिंक्स और हल्की हर्बल टी अच्छे विकल्प हैं।

    विशेषज्ञों का कहना है कि दिनभर में 1 से 2 गिलास हर्बल पानी या ड्रिंक पर्याप्त है। पुदीना और धनिया की पत्तियों का सीमित मात्रा में उपयोग करना चाहिए। सौंफ, धनिया या सब्जा के बीज 1 से 2 चम्मच तक ही लेना बेहतर माना जाता है।

    कब करें सेवन

    सुबह सौंफ या धनिया का पानी पीने से दिनभर शरीर हाइड्रेटेड रहता है। दोपहर में बेल का शरबत या सौंफ का पानी राहत देता है, जबकि शाम के समय हल्की हर्बल ड्रिंक या चाय दिनभर की थकान और गर्मी को कम करने में मदद करती है।

    किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी

    गर्भवती महिलाओं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों और नियमित दवाएं लेने वालों को किसी भी हर्ब का नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। एलोवेरा, गिलोय और मुलेठी जैसी स्ट्रॉन्ग हर्ब्स का सेवन भी विशेषज्ञ की सलाह से ही करना चाहिए।

    ज्यादा सेवन हो सकता है नुकसानदायक

    विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कूलिंग हर्ब का अत्यधिक सेवन नुकसान पहुंचा सकता है। अधिक मात्रा में सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याएं, गैस, दस्त या अन्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इसलिए इनका सेवन हमेशा संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए।

    गर्मियों में शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखने के लिए नेचुरल कूलिंग हर्ब्स एक अच्छा विकल्प हैं, लेकिन इनके सेवन में संतुलन और सावधानी बेहद जरूरी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories