• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 25, 2026

    हेल्दी लाइफस्टाइल की ओर लौट रहे अमेरिकी, बाइबल डाइट के फॉलोअर्स बढ़े

    अमेरिका में फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर ‘बाइबिलिकल ईटिंग’ यानी बाइबल के मुताबिक खान-पान का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। टिकटॉक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों लोग ऐसे वीडियो देख रहे हैं, जिनमें इन्फ्लुएंसर दावा कर रहे हैं कि प्राचीन धार्मिक खान-पान आधुनिक प्रोसेस्ड फूड से ज्यादा फायदेमंद है। ‘मेक अमेरिका हेल्दी अगेन’ जैसे अभियानों के बीच इस ट्रेंड को और बढ़ावा मिला है।

    सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कायला बंडी जैसे कंटेंट क्रिएटर्स लोगों को प्राकृतिक और पारंपरिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि ‘ईश्वर द्वारा दिए गए’ भोजन ने उनकी सेहत और लाइफस्टाइल में बड़ा बदलाव किया है। वे घर पर खाना बनाने, खेतों से ताजा सामग्री लेने और पारंपरिक भोजन को न सिर्फ हेल्दी बल्कि आध्यात्मिक जीवनशैली का हिस्सा बता रहे हैं। कई इन्फ्लुएंसर्स इसके जरिए पेड कोचिंग, डाइट प्लान और ऑनलाइन कम्युनिटी भी चला रहे हैं।

    यह ट्रेंड केवल खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि धीमी, प्राकृतिक और कम तनाव वाली जिंदगी की चाहत से भी जुड़ा हुआ है। तेज रफ्तार जीवनशैली, मानसिक तनाव और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से परेशान लोग अब पुरानी परंपराओं और प्राकृतिक जीवन में सुकून तलाश रहे हैं।

    इस डाइट को अपनाने वाले लोग बोन ब्रोथ, कच्चा दूध, शहद, जैतून का तेल, सार्डिन मछली, खमीर से बनी पारंपरिक रोटी और ताजे फल-सब्जियां जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं। वहीं पैकेज्ड स्नैक्स, रिफाइंड शुगर और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बना रहे हैं। उनका दावा है कि इससे वजन नियंत्रित रहता है, त्वचा बेहतर होती है और मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।

    हालांकि पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि ताजा और कम प्रोसेस्ड भोजन फायदेमंद हो सकता है, लेकिन कच्चा दूध जैसे कुछ उत्पाद स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड देखकर किसी भी डाइट को अपनाना नुकसानदायक हो सकता है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories