• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    September 17, 2025

    ब्लड शुगर लेवल बढ़ाने वाले छुपे कारण, डायबिटीज़ रोगियों के लिए ज़रूरी जानकारी

    हमारे देश की बड़ी आबादी डायबिटीज यानी मधुमेह से ग्रसित है, यह एक ऐसी बीमारी है जो हमारे शरीर को भीतर से खोखला करती देती है। ब्रिटिश मेडिकल जर्नल लांसेट के 2023 के शोध के अनुसार, 10 करोड़ से अधिक (101 मिलियन) लोगों को डायबिटीज है और लगभग 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से पीड़ित हैं, जिन्हें भविष्य में डायबिटीज होने का अधिक खतरा है।

    इस बीमारी को लेकर अक्सर लोग मानते हैं कि ब्लड शुगर का स्तर केवल मीठी चीजें खाने से ही बढ़ता है, लेकिन यह एक बहुत बड़ी गलतफहमी है। विशेषज्ञ बताते हैं कि हमारे भोजन में मौजूद कुछ अन्य चीजें और हमारी जीवनशैली से जुड़ी कई आदतें भी ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती हैं। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो इन बातों को जानना और समझना आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।

    कार्बोहाइड्रेट्स हैं ब्लड शुगर के मुख्य स्रोत

    विशेषज्ञों के अनुसार हमारे शरीर में ब्लड शुगर का एक बड़ा स्रोत कार्बोहाइड्रेट्स होता है। गेहूं, चावल, आलू, ब्रेड और पास्ता जैसी चीजों में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट्स पाए जाते हैं। जब हम इन चीजों का सेवन करते हैं, तो हमारा शरीर इन्हें तोड़कर ग्लूकोज में बदल देता है।

    यह ग्लूकोज सीधे रक्तप्रवाह में मिलकर ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा देता है। यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों को इन चीजों का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है। यह जानना महत्वपूर्ण है कि सिर्फ चीनी से दूरी बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी डाइट में कार्ब्स की मात्रा पर भी ध्यान देना जरूरी है।

    तनाव और ब्लड शुगर का सीधा संबंध

    अक्सर हम तनाव को हल्के में लेते हैं लेकिन यह मधुमेह (डायबिटीज) के मरीजों के लिए एक बड़ा खतरा है। जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल और एड्रेनालाईन जैसे हार्मोन बनते हैं, जो इंसुलिन के असर को कम कर देते हैं। इससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है।

    इसलिए, सिर्फ खाने-पीने का ध्यान रखना ही काफी नहीं है, बल्कि शुगर को नियंत्रित रखने के लिए मानसिक शांति बनाए रखना भी बेहद जरूरी है।

    नींद की कमी और सैडेंटरी लाइफस्टाइल

    आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में नींद की कमी एक आम समस्या है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपर्याप्त नींद भी आपके ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकती है? रात में कम सोने से शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी कम हो जाती है, जिससे कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति कम प्रतिक्रियाशील हो जाती हैं। यही वजह है कि ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है।

    इसी तरह एक सैडेंटरी लाइफस्टाइल भी एक बड़ा कारण है। शारीरिक गतिविधि न करने से शरीर की कोशिकाएं ऊर्जा के लिए ग्लूकोज का ठीक से उपयोग नहीं कर पाती हैं, जिससे ब्लड शुगर बढ़ जाता है। नियमित व्यायाम और टहलना ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में बहुत मदद करता है।

    अन्य कारण और जरूरी सावधानियां

    इन सबके अलावा कुछ अन्य कारण भी हैं जो ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकते हैं। जैसे- डिहाइड्रेशन होने पर ब्लड शुगर बढ़ जाता है, क्योंकि खून में ग्लूकोज की आद्रता बढ़ जाती है। कुछ बीमारियां, जैसे सर्दी या फ्लू होने पर भी शरीर में शुगर लेवल बढ़ सकता है। कुछ दवाएं, जैसे स्टेरॉयड भी ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकती हैं।

    इन सभी जोखिमों को कम करने के लिए, नियमित रूप से डॉक्टर से परामर्श लें, अपनी डाइट का ध्यान रखें, पर्याप्त नींद लें, तनाव से बचें और अपनी जीवनशैली में शारीरिक गतिविधि को शामिल करें। केवल चीनी से परहेज करना काफी नहीं है, संपूर्ण जीवनशैली में बदलाव ही मधुमेह को नियंत्रित रखने की कुंजी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories