• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    February 17, 2026

    अलवर में सूने मकानों पर चोरों का धावा, चांदी के सामान और नकदी पार

    अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। बुद्ध विहार और पास स्थित गणेश नगर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घरों के ताले तोड़कर चांदी के सामान और नकदी चोरी कर ली। दोनों पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    बुद्ध विहार निवासी संजय अग्रवाल 13 तारीख को परिवार सहित भीलवाड़ा के गंगापुर गए हुए थे। अगले दिन पड़ोसी ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरों के ताले टूटे हैं और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा है। जांच में चांदी की लक्ष्मी-गणेश, राधा-कृष्ण की मूर्तियां समेत अन्य चांदी के सामान चोरी होना सामने आया।

    दूसरी वारदात गणेश नगर में हुई, जहां रामस्वरूप शर्मा महाशिवरात्रि पर परिवार सहित गांव नौगांवा गए थे। सोमवार को लौटने पर मुख्य दरवाजे और अलमारी का लॉक टूटा मिला। घर की तलाशी लेने पर चांदी के सिक्के, दीपक, अन्य चांदी के सामान और कुछ नकदी गायब मिली।

    पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories