इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के सपनों को पंख देने वाला मंच है। इसी लीग ने आर. अश्विन, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से उठाकर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। हर सीजन आईपीएल नई कहानियां गढ़ता है और अनकैप्ड खिलाड़ियों को बड़ा मौका देता है।
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल सकता है। ज्यादातर फ्रेंचाइजियों के पास सीमित पर्स और खाली स्लॉट होंगे, ऐसे में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चुके अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की मांग बढ़ना तय है। आइए जानते हैं उन अनकैप्ड खिलाड़ियों के बारे में, जो ऑक्शन में बड़ा नाम बन सकते हैं।
औकिब नबी: स्विंग से डेथ ओवर्स का विशेषज्ञ
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी (औकिब डार) ने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। पारंपरिक स्विंग गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाने वाले औकिब ने अब डेथ ओवर्स में भी अपनी गेंदबाजी को धार दी है। हालिया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने सात मैचों में 15 विकेट लिए, वह भी आठ से कम की इकॉनमी के साथ। केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ नेट बॉलर रह चुके औकिब अब प्लेइंग इलेवन के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
प्रशांत वीर: क्या सीएसके को मिल गया जडेजा का विकल्प?
20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने यूपी टी20 लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें ट्रायल्स में आजमाया है और फ्रेंचाइजी उन्हें भविष्य में रवींद्र जडेजा के विकल्प के रूप में देख रही है। हालिया टूर्नामेंट में उन्होंने 170 के स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए और नौ विकेट भी झटके, जबकि उनकी इकॉनमी 6.76 रही।
अशोक शर्मा: रफ्तार और निरंतरता का सही मेल
राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा 140 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। शुरुआती दौर में अनियमित रहने के बाद उन्होंने पिछले दो सीजन में अपने खेल में जबरदस्त सुधार किया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज में सात मैचों में 19 विकेट उनके दमदार प्रदर्शन की गवाही देते हैं। केकेआर और राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े रहने के बावजूद उन्हें अब तक आईपीएल डेब्यू का मौका नहीं मिला, लेकिन इस बार उनके लिए दरवाजे खुलते नजर आ रहे हैं।
आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन इन अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए करियर बदलने वाला साबित हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कौन खिलाड़ी अगला हार्दिक पांड्या या जसप्रीत बुमराह बनकर उभरता है।
