• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    October 19, 2025

    थार हादसे के बाद गांव में गूंजे सिर्फ रोने की आवाजें, खुशियों की जगह शोक का माहौल

    भरतपुर के नदबई इलाके में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर दिया। तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार पूरा परिवार खत्म हो गया। हादसे में नटवर (35), उसकी पत्नी पूजा, छह साल की बेटी परी और डेढ़ साल के बेटे दीपू की मौके पर ही मौत हो गई।

    परिवार की मौत के बाद गांव दहवा में मातम पसरा है। घरों में सन्नाटा और आंखों में आंसू हैं। नटवर की मां शोभा देवी बेटे का कमरा देख-देखकर बेहोश हो रही हैं। परिवार ने कमरे पर ताला लगा दिया है, जबकि आंगन में रखी पोती परी की किताबें देख दादी का दिल बार-बार भर आता है।

    धनतेरस के दिन हुए इस हादसे ने गांव की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों ने दिवाली पर घरों के बाहर लगी लाइटिंग और साज-सज्जा उतार दी है। हर घर में सिर्फ शोक का माहौल है।

    पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब नटवर परिवार के साथ सरसों का बीज लेने नदबई जा रहा था। गांव से करीब 10 किलोमीटर आगे सामने से आई तेज रफ्तार थार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद दोनों गाड़ियां जल उठीं। नटवर और परिवार के चारों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।

    शनिवार देर शाम जब चारों शव गांव पहुंचे, तो घर में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव की आंखें नम थीं। एक ही चिता पर पति-पत्नी और दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया।

    DSP अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि थार चला रहा युवक नरेश (25) निवासी लुहासा गांव का है। वह गाड़ी किराए पर लेकर तेज रफ्तार में चला रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories