• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    December 04, 2025

    रात के सन्नाटे में जोरदार धमाका, विस्फोट की आशंका से जोधपुर में मचा हड़कंप

    बुधवार देर रात अचानक हुए तेज धमाके से जोधपुर के कई इलाकों में दहशत फैल गई। करीब 10:15 बजे सुनाई दिए इस धमाके से कई घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए, जिसके बाद लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि 11 नवंबर को भी इसी तरह का धमाका सुना गया था।

    कई थानों में लगातार आने लगे फोन

    धमाके की आवाज के तुरंत बाद विवेक विहार, बासनी, बोरानाडा, कुड़ी भगतासनी सहित कई थानों और पुलिस कंट्रोल रूम में लगातार फोन आने लगे। लोग विस्फोट या भूकंप होने की आशंका जताते हुए जानकारी ले रहे थे।
    पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में कहा है कि यह फाइटर जेट के सुपरसोनिक उड़ान से बना सोनिक बूम हो सकता है।

    दर्जनभर से ज्यादा गांवों में महसूस हुआ कंपन

    धमाका सांगरिया, विवेक विहार, नंदवान, सालावास, धींगाणा, फिटकासनी, लूणी, गुढ़ा विश्नोइयां, पाबुपुरा कुम्हारान, तनावड़ा, बोरानाडा और बासनी समेत कई गांवों में सुना गया।
    सांगरिया के एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में धमाके की आवाज भी रिकॉर्ड हुई है।

    विवेक विहार थानाधिकारी ने बताया कि उन्होंने भी यह आवाज गश्त के दौरान सुनी। जांच में अभी तक भूकंप या किसी विस्फोट का कोई सबूत नहीं मिला है।

    11 नवंबर को भी हुआ था ऐसा धमाका

    11 नवंबर की रात भी मंडोर और आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह की आवाज सुनाई दी थी, जिसे बाद में वायुसेना के फाइटर जेट के सोनिक बूम का परिणाम बताया गया था।

    सोनिक बूम क्या होता है?

    जब कोई फाइटर जेट ध्वनि की गति (लगभग 1,225 किमी/घंटा) से तेज उड़ता है, तो हवा में प्रेशर वेव बनती है। जब यह वेव जमीन तक पहुंचती है, तो बड़ी धमाके जैसी आवाज उत्पन्न होती है।

    सोनिक बूम के प्रभाव—

    • घरों की खिड़कियां-दरवाजे हिल सकते हैं
    • कांच टूटने की आशंका
    • कम ऊंचाई पर तेज आवाज और झटके
    • कानों में दर्द या असहजता

    कॉमर्शियल विमान सुपरसोनिक गति से नहीं उड़ते, इसलिए उनसे सोनिक बूम नहीं बनता।

    Tags :
    Share :

    Top Stories