• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    September 18, 2025

    निगम की अनदेखी से हुआ हादसा, सुभाष चौक में जर्जर मकान ढहा, दो महिलाएं घायल

    राजधानी जयपुर में आज सुबह करीब 7 बजे सुभाष चौक स्थित झिलाई हाउस में एक जर्जर एक मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में दो महिलाएं धन्नीबाई (60) और सुनीता (35) मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    पुलिस के अनुसार धन्नीबाई को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुनीता के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं मकान की रखवाली के लिए वहीं रह रही थीं। मकान के मालिक प्रवीण शाह बताए गए हैं, जो चौड़ा रास्ता क्षेत्र में रहते हैं।

    घटना के समय परिवार के बच्चे रीना (11) और प्रिंस (7) मकान के बाहर चौक में खेल रहे थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। महिलाओं के रिश्तेदार तरुण महावर ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों से फोन पर हादसे की सूचना मिली थी।

    2 घंटे बाद पहुंची निगम की टीम

    हादसे के करीब दो घंटे बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बचाव कार्य पूरा हो चुका था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की देरी और लापरवाही के चलते समय पर कोई मदद नहीं मिल पाई। लोगों में नगर निगम की इस देर से प्रतिक्रिया को लेकर गंभीर नाराजगी देखी गई।

    मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। मकान की हालत पहले से ही काफी जर्जर थी। मामले की जांच जारी है और नगर निगम को मकान की स्थिति को लेकर नोटिस भेजे जाने की संभावना है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories