• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    September 16, 2025

    मानसून का विदाई दौर जारी, आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी...

    राजस्थान में इस बार करीब दो महीने तक सक्रिय रहे मानसून ने औसत से कहीं अधिक बारिश दी। कई जिलों में हुई अच्छी बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन कुछ इलाकों में लगातार बरसात ने आफत का रूप भी लिया। तालाब और बांध ओवरफ्लो हो गए, वहीं हनुमानगढ़, अजमेर जैसे जिलों में बाढ़ के कारण लोगों के घर जलमग्न हो गए।

    अब मानसून का विदाई दौर शुरू हो चुका है। सीमावर्ती क्षेत्र जैसलमेर, बीकानेर और गंगानगर से मानसून विदा हो चुका है। साथ ही जोधपुर और नागौर के कुछ हिस्सों में भी मानसून कमजोर पड़ गया है। अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश से मानसून की विदाई हो जाएगी, जिससे बारिश की गतिविधियाँ भी लगभग समाप्त हो जाएंगी।

    मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 10 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहा, जिसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। 10 सितंबर के बाद मानसून में ब्रेक आया और अधिकांश स्थानों पर बारिश बंद हो गई। हालांकि, आज (16 सितंबर) झालावाड़, बारां, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल (17 सितंबर) कोटा, बारां, झालावाड़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भी येलो अलर्ट रहेगा, जहाँ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में कोई और बारिश का अलर्ट जारी नहीं है।

    जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, सामान्यत: मानसून की विदाई 17 सितंबर के आस-पास होती है, लेकिन इस बार उत्तर-पश्चिमी हवाओं के दबाव के कारण यह पहले शुरू हो गई है। अब मौसम साफ रहेगा, जिससे दोपहर का तापमान बढ़ेगा और सुबह-रात में ठंडक महसूस होने लगेगी।

    प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा: अजमेर 33.5°C, जयपुर 34.8°C, सीकर 35°C, कोटा 34.6°C, उदयपुर 32.5°C और जोधपुर 34.4°C दर्ज किया गया।

    Tags :
    Share :

    Top Stories