• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    September 08, 2025

    जयपुर स्टेशन पर तकनीकी कार्य और बारिश से रेल यातायात प्रभावित, ट्रेनों के समय में बदलाव

    उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों और उत्तर रेलवे क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के चलते कुल तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।

    जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि तकनीकी कारणों से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था का सहारा लेना पड़ सकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

    जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट (12467/12468)

    यह ट्रेन 16 सितंबर से 11 अक्टूबर तक कुल 19 फेरों में फुलेरा-जयपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इस दौरान ट्रेन का संचालन केवल जैसलमेर से फुलेरा के बीच ही किया जाएगा।

    डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार, जयपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यार्ड क्षेत्र में एयर कॉनकोर्स के निर्माण का कार्य जारी है।
    फेज-1 और फेज-2 के अंतर्गत कॉलम, गर्डर और ब्रेसिंग की लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण यह अस्थायी व्यवधान आवश्यक है। प्रभावित तिथियों में ट्रेन संख्या 12467/12468 का संचालन 16, 17, 19, 20, 21, 24, 25 और 30 सितंबर से 11 अक्टूबर तक सीमित रहेगा।

    जम्मूतवी मार्ग की ट्रेनें भी प्रभावित

    उत्तर रेलवे के जम्मूतवी मंडल में हो रही भारी बारिश के कारण दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन 15 अक्टूबर तक आंशिक रूप से रद्द किया गया है। सुरक्षा कारणों से इन ट्रेनों को फिरोजपुर कैंट से आगे नहीं भेजा जा रहा है।

    प्रभावित ट्रेनें:

    14803/14804 भगत की कोठी - जम्मूतवी - भगत की कोठी एक्सप्रेस

    19223/19224 साबरमती - जम्मूतवी - साबरमती एक्सप्रेस

    बारिश के कारण जम्मूतवी मार्ग पर ट्रैक की स्थिति खराब होने से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों का संचालन फिलहाल फिरोजपुर तक ही सीमित किया गया है।

    यात्रियों से अनुरोध:

    रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की वर्तमान स्थिति व मार्ग परिवर्तन की जानकारी अवश्य लें। रेलवे की वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी स्टेशन से अपडेट प्राप्त किए जा सकते हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories