• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    January 22, 2026

    जयपुर में दर्दनाक हादसा: थार की टक्कर से युवती की मौत, परिवार में मातम

    एयरफोर्स जॉइन कर आसमान छूने का सपना देख रही 17 वर्षीय अनाया की जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार (21 जनवरी) सुबह तेज रफ्तार काली थार ने उसे कुचल दिया। अनाया झुंझुनूं जिले के गुढ़ा क्षेत्र के छोटे से गांव बाजवा रावतका की रहने वाली थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

    अनाया के पिता रविंद्र कुमार शर्मा कैंसर पीड़ित हैं और खेती कर परिवार का गुजारा चलाते हैं। गुरुवार को गांव में आयोजित शोकसभा में पिता बेटी को याद कर फूट-फूट कर रो पड़े। उन्होंने कहा, “अनाया कहती थी—पापा, मैं बेटी होकर भी बेटों से बढ़कर हूं। एयरफोर्स में जाकर आपका इलाज अच्छे से अच्छे अस्पताल में कराऊंगी।” बेटी की यह उम्मीद अब हमेशा के लिए टूट गई।

    अनाया पढ़ाई में बेहद होनहार थी। उसने 12वीं कक्षा (सत्र 2023-24) में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। वह जयपुर के महारानी कॉलेज में बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा थी। एयरफोर्स में जाना उसका सपना और जुनून था। वह लिखित परीक्षा पहले ही पास कर चुकी थी और 31 जनवरी को जोधपुर में होने वाले फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुटी थी।

    मंगलवार सुबह भी अनाया अजमेर पुलिया क्षेत्र में 206 बीघा खेल मैदान की ओर दौड़ लगाने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार काली थार ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।

    अनाया के शिक्षक और स्कूल संचालक अमन बेनीवाल ने बताया कि वह बेहद अनुशासित, देशभक्ति से भरी और मेहनती छात्रा थी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अनाया के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके छोटे भाई को सरकारी सहायता और नौकरी दी जाए तथा परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाए।

    गांव में अनाया का घर और परिवार की हालत उनकी आर्थिक तंगी को बयां करती है। बेटी के सपने और पिता के इलाज की उम्मीद अब एक दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories