• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 23, 2026

    घरेलू कलह ने ली जान, पत्नी की हत्या के बाद पति ने गले और पेट पर किया हमला

    बालोतरा जिले के सिवाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार दोपहर पति ने चाकू से पत्नी का गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से हमला कर लिया। गंभीर हालत में उसे पहले सिवाना सीएचसी, फिर बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल और बाद में जोधपुर रेफर किया गया है।

    घटना सिवाना के जीनगरों के वास में शनिवार दोपहर करीब पौने एक बजे की है। सिवाना थाने के सीआई चंद्र सिंह ने बताया कि समदड़ी निवासी 32 वर्षीय नितेश कुमार जीनगर ने अपनी पत्नी कांता (30) की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के गले पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    पुलिस के अनुसार महिला अपने 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे के साथ छुट्टियों में पीहर आई हुई थी। शनिवार को नितेश वहां पहुंचा और कांता को घर के पास वाली गली में बुलाया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर पत्नी के गले पर हमला कर दिया।

    पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने खुद के गले और पेट में भी चाकू घोंप लिया। इसके बाद वह लहूलुहान हालत में हाथ में चाकू लेकर मुख्य मोहल्ले की तरफ गया और एक दुकान के बाहर बैठ गया। आसपास के लोगों ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी।

    मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। वहीं महिला के शव को सिवाना सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories