• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    October 26, 2025

    CCTV फुटेज में कैद हुई मारपीट, सवाई माधोपुर में कॉन्स्टेबल सस्पेंड

    सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र के आठ लेन टोल प्लाजा पर पुलिसकर्मी की दादागीरी का मामला सामने आया है। टोलकर्मी फिरोज खान से मारपीट और वसूली की धमकी देने के आरोप में कॉन्स्टेबल राजपाल को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का पूरा घटनाक्रम CCTV फुटेज में कैद हुआ है।

    घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे की है। शिकायत के अनुसार, राजपाल अपने साथी बालकिशन गुर्जर के साथ टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में आया और सहायक मैनेजर फिरोज खान से शराब के लिए 5 हजार रुपए की मांग की। जब फिरोज ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

    फिरोज ने बताया कि राजपाल और बालकिशन ने धमकी दी कि अगर टोल प्लाजा चालू रखना है, तो उन्हें हर महीने 50 हजार रुपये देने होंगे। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी रामसिंह, परसादी मीणा और सलमान ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी उन्हें भी धमकाते हुए चले गए।

    घटना की CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि कॉन्स्टेबल राजपाल टोलकर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट कर रहा था।

    इस मामले में सवाई माधोपुर एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने कॉन्स्टेबल राजपाल को निलंबित कर दिया और एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई। जांच की जिम्मेदारी सीओ बौंली को सौंपी गई है, जबकि बालकिशन गुर्जर के खिलाफ विभागीय जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    एसपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों से इस तरह का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में पारदर्शी जांच की जाएगी। विभागीय जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी पूर्व में किसी विवाद में शामिल रहे हैं या नहीं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories