• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    January 21, 2026

    ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा, ओवरलोड जीप खाई में जा गिरी

    उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। डिंगावरी गांव के पास 27 सवारियों से भरी एक जीप बेकाबू होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उदयपुर रेफर किया गया है।

    जानकारी के अनुसार, जीप बिलवन से कोटड़ा की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे चढ़ाई के दौरान अचानक जीप के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन ओवरलोड होने के कारण जीप पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सड़क से उतरकर खाई में जा गिरा।

    हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर कोटड़ा पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले कोटड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया।

    हादसे में कालू (25) पुत्र नरसा गरासिया, रेशमी (35) पत्नी वख्ता गरासिया और सुरेश (8) पुत्र रोशन गरासिया की मौत हो गई। मृतकों के शव को कोटड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

    घायलों में कालू (26) पुत्र नाना गमार, बदी (16) पत्नी पिका गरासिया, शकु (25) पत्नी फेगो गमार, उदा (25) पुत्र धुलाराम गरासिया, सोवन (30) पुत्र वीरमा गरासिया, पिंटू (13) पुत्र मोगा गमार, सीता (18) पत्नी वेहता, लाला (35) पुत्र नाथाराम गरासिया, लुकिया (45) पुत्र वीरमा गरासिया, केसा (32) पुत्र अणदा गरासिया, सुंदर (13) पुत्र गोरका गरासिया, पेमा (30) पुत्र अणदा, अनिल (2) पुत्र शंभु, मेवा (30) पत्नी पेमा, रोशन (10) पुत्र मोहा, मोदनी (30) पत्नी गोवा और रेखा (26) पत्नी रोशन शामिल हैं।

    बताया जा रहा है कि अधिकतर यात्री मांडवा थाना क्षेत्र के मालदर गांव के निवासी हैं। कोटड़ा क्षेत्र आदिवासी इलाका है, जहां बड़ी संख्या में जीपें चलती हैं और अक्सर ओवरलोड होकर यात्री परिवहन किया जाता है। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और वाहनों की तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories