• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 05, 2025

    वोटिंग में फर्जीवाड़े का दावा: राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में विदेशी महिला के वोट डालने का लगाया आरोप

    राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने हरियाणा में वोट चोरी के आरोप दोहराए। राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी किए गए। उन्होंने कहा कि फर्जी फोटो, नाम और घर के पते के कई मतदाता जांच में मिले हैं।

    राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
    राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा की मतदाता सूची में 25 लाख फर्जी एंट्री थीं। भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर इन फर्जी एंट्री से बीते साल हरियाणा का जनादेश चुराया।

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य आयुक्तों ने भाजपा के साथ मिलकर हरियाणा में भाजपा की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने दावा किया कि इनकी पीएम मोदी के साथ साझेदारी है।

    राहुल ने कहा कि 'ऑपरेशन सरकार चोरी' से हरियाणा में कांग्रेस की भारी बहुमत वाली जीत को हार में बदला गया।

    राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि ये ब्राजीली मॉडल है और इसने सीमा, स्वीटी तो कभी किसी और नाम से 10 बूथों पर 22 बार हरियाणा चुनाव में वोट दिया।

    राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि 'हमें शक है कि वोट चोरी बूथ स्तर पर नहीं हो रही है बल्कि राज्य और नेशनल लेवल पर ये हो रही है।'

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हरियाणा में हर आठ में से एक वोटर नकली है। उन्होंने कहा कि नकली फोटो वाले हरियाणा में एक लाख से ज्यादा मतदाता हैं।

    राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कई मतदाताओं के मकान नंबर शून्य होने पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि फर्जी मतदाताओं की कोई पहचान नहीं होती और फर्जी मतदाता वोट डालने के बाद गायब हो जाते हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि जांच में 500 मतदाताओं का एक ही पता पाया गया।

    राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई लोगों की वीडियो क्लिप प्रसारित कराई, जिनमें वो लोग कह रहे थे कि उनकी वोट काट दी गई। नेता विपक्ष ने आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव के दौरान 3.5 लाख मतदाताओं के वोट काटे गए।

    Tags :
    Share :

    Top Stories