• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 30, 2026

    NFHS रिपोर्ट: घरेलू हिंसा घटी, मोटापा बढ़ा और साफ पानी की पहुंच बेहतर हुई

    NFHS-6 रिपोर्ट: घरेलू हिंसा और बाल विवाह में कमी, महिलाओं में मोटापा बढ़ा

    नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS-6) 2023-24 की रिपोर्ट जारी हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार देश में घरेलू हिंसा और बाल विवाह के मामलों में कमी आई है, जबकि महिलाओं में मोटापे की समस्या बढ़ी है। घरेलू हिंसा की दर 29.2 प्रतिशत से घटकर 22.3 प्रतिशत और बाल विवाह का आंकड़ा 23.3 प्रतिशत से घटकर 20.1 प्रतिशत रह गया है।

    रिपोर्ट के मुताबिक महिलाओं में मोटापा पिछले सर्वे की तुलना में 7 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं कामकाजी महिलाओं की हिस्सेदारी 25.4 प्रतिशत से बढ़कर 30.8 प्रतिशत हो गई है। महिलाओं में इंटरनेट उपयोग भी दोगुना होकर 64.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

    देश में 98.3 प्रतिशत घरों तक बिजली और 96.5 प्रतिशत घरों तक स्वच्छ पेयजल की पहुंच हो चुकी है। महिलाओं के नाम मकान या जमीन के स्वामित्व वाले परिवारों की संख्या भी बढ़कर 18.8 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले सर्वे में 14 प्रतिशत थी।

    हालांकि रिपोर्ट में कुछ चिंताजनक संकेत भी सामने आए हैं। निजी अस्पतालों में सिजेरियन डिलीवरी का प्रतिशत बढ़कर 54.1 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वहीं जन्म के बाद पहले छह महीने तक केवल स्तनपान कराने की दर 63.7 प्रतिशत से घटकर 55.8 प्रतिशत रह गई है।

    बच्चों के पोषण के मोर्चे पर सुधार दर्ज किया गया है। कुपोषण के कारण नाटेपन का शिकार बच्चों का प्रतिशत 35.5 से घटकर 29.3 हो गया है। हालांकि 6 महीने से 2 वर्ष तक की आयु के केवल 15.3 प्रतिशत बच्चों को ही संतुलित और पर्याप्त आहार मिल पा रहा है।

    राज्यवार आंकड़ों में बाल विवाह के सबसे कम मामले केरल में 2.9 प्रतिशत और सबसे अधिक पश्चिम बंगाल (36.4 प्रतिशत) तथा बिहार (34.6 प्रतिशत) में दर्ज किए गए हैं। वैवाहिक हिंसा के मामले में हिमाचल प्रदेश सबसे बेहतर स्थिति में है, जबकि बिहार में 36.1 प्रतिशत महिलाएं इसका सामना कर रही हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories