• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 01, 2026

    बारिश और आंधी से गर्मी का प्रकोप कम, जैसलमेर में धूलभरा तूफान; चंपावत में बचाव अभियान

    देशभर में हीटवेव खत्म, बारिश और आंधी से तापमान में गिरावट; उत्तराखंड में 50 लोगों का रेस्क्यू

    नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी और बादलों की सक्रियता के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल देशभर में हीटवेव की स्थिति समाप्त हो गई है और कई राज्यों में मौसम सुहावना बना हुआ है।

    राजस्थान में लगातार दूसरे दिन धूल भरी आंधी और रेतीले बवंडर देखने को मिले। जैसलमेर में रविवार शाम रेतीला तूफान आने से कुछ समय के लिए दिन में अंधेरा छा गया और दृश्यता प्रभावित हुई। हालांकि किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। राज्य के फलौदी में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश हुई। बलिया में 34.4 मिमी, मुरादाबाद में 21.8 मिमी और लखनऊ में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है।

    उत्तराखंड में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। चंपावत जिले में श्री रीठा साहिब गुरुद्वारे के वार्षिक जोड़ मेले के दौरान उफनती नदी में फंसे 50 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षाबलों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।

    मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून तक केरल पहुंच सकता है। हालांकि इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार जून से सितंबर के बीच देश में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।

    अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, दक्षिण भारत और तटीय क्षेत्रों में भी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories