• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 09, 2026

    स्कूटी पर निकले थे दोनों दोस्त, कारोबारी की हत्या के बाद लौटा सिर्फ विशाल

    कानपुर के फीलखाना इलाके में शुक्रवार शाम होजरी कारोारी विजय कुमार चौरसिया (42) की हत्या से सनसनी फैल गई। कारोबारी का खून से लथपथ शव सवाई सिंह के हाते स्थित एक जर्जर मकान में मिला। पुलिस के अनुसार, हत्या महज 48 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। मामले में कारोबारी के दोस्त और रेस्टोरेंट संचालक विशाल गुप्ता पर शक गहरा गया है।

    पुलिस जांच में सामने आया कि शुक्रवार शाम 6:32 बजे विजय कुमार दुकान से विशाल गुप्ता के साथ स्कूटी पर निकले थे। सीसीटीवी फुटेज में दोनों एक साथ जाते दिखाई दिए। इसके बाद शाम 7:18 बजे विशाल अकेले ही स्कूटी से लौटता नजर आया। इसी दौरान जर्जर मकान के पास गोली चलने की आवाज सुनाई दी और कुछ देर बाद विजय का शव बरामद हुआ।

    घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में विजय को उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विशाल गुप्ता की पहचान की है, जिसका रेस्टोरेंट विजय की दुकान के सामने बताया जा रहा है।

    पुलिस लेनदेन विवाद और प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल से जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस ने विशाल के कई रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं।

    वहीं, घटना से नाराज कारोबारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। व्यापारियों ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories