• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 09, 2026

    पिता से बचने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष करता रहा बच्चा, फिर भी नहीं बची जान

    ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जमीन विवाद में अपने भाइयों को फंसाने के लिए एक पिता ने ही अपने 13 वर्षीय बेटे सुधांशु की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि मासूम ने आखिरी सांस तक खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पिता की हैवानियत के आगे उसकी एक नहीं चली।

    पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप भाटी बुधवार रात बेटे को बहलाकर कार में बैठाकर ले गया था। बच्चा उस समय घर के बाहर नंगे पैर खेल रहा था। जांच में पता चला कि कार के अंदर ही रस्सी से उसका गला घोंटा गया। पुलिस को आरोपी की कार के डैशबोर्ड पर बच्चे के पैरों की मिट्टी भी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सुधांशु ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया था।

    हत्या के बाद आरोपी ने बेटे का शव गांव के बाहर तालाब में फेंक दिया और फिर घर लौटकर परिवार व ग्रामीणों के साथ बेटे की तलाश का नाटक करता रहा। इतना ही नहीं, उसने अपने भाइयों पर ही बेटे के अपहरण और हत्या का आरोप लगाने की कोशिश की।

    पुलिस ने सीCTV फुटेज खंगाले तो पूरी साजिश का खुलासा हो गया। फुटेज में प्रदीप बेटे के साथ कार में जाता दिखाई दिया, जबकि करीब दो घंटे बाद वह अकेला लौटता नजर आया। पुलिस की सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपने भाइयों से करीब दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने ही बेटे की हत्या कर भाइयों को फंसाने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories