• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 17, 2025

    पुराने फॉर्मूले पर होगा विभागों का बंटवारा, जदयू–भाजपा के बीच संतुलन पर जोर

    बिहार में नई सरकार गठन को लेकर भाजपा और जदयू में सहमति बन गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10वीं बार शपथ लेंगे। शनिवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच हुई अहम बैठक में छह विधायक पर एक मंत्री के फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लगा दी गई।

    सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने एनडीए सहयोगियों — चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा से भी बातचीत पूरी कर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर रविवार को गठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक में नई सरकार की संरचना पर सहमति बन गई।

    आज इस्तीफा, 20 को शपथ संभव

    नीतीश कुमार ने सोमवार सुबह मंत्रिपरिषद की अंतिम बैठक बुलाई है, जिसके बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। मंगलवार या बुधवार को एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश को पुनः नेता चुना जाएगा। माना जा रहा है कि 20 नवंबर को नई सरकार का गठन हो सकता है।

    पटना के गांधी मैदान में शपथ समारोह होगा और 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों का प्रवेश सीमित कर दिया गया है।

    किसके हिस्से में कितने मंत्रालय?

    नए फॉर्मूले के अनुसार:

    • भाजपा (89 सीट) : 15 मंत्री
    • जदयू (85 सीट) : 14 मंत्री
    • लोजपा (आर) – 19 सीट : 3 मंत्री
    • हम : 1 मंत्री
    • आरएलएम : 1 मंत्री

    भाजपा पहले की तरह दो डिप्टी सीएम भी बनाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस बार जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला वोटर को ध्यान में रखते हुए एक डिप्टी सीएम महिला भी हो सकती है।

    कौन-कौन शामिल होंगे कैबिनेट में?

    गठबंधन के पांच घटक दल — भाजपा, जदयू, लोजपा(आर), हम और आरएलएम — पहले अपने विधायक दल के नेता चुनेंगे। इसके बाद एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से चुना जाएगा और कैबिनेट का गठन होगा।

    विभागों का बंटवारा: पुराना मॉडल फिर लागू

    सरकार गठन के बाद विभागों के वितरण पर एक और दौर की बैठक होगी। अनुमान है कि:

    • गृह विभाग और सामान्य प्रशासन नीतीश कुमार पास ही रहेंगे
    • वित्त विभाग भाजपा को मिलेगा
    • बाकि विभागों पर सहयोगी दलों के बीच आपसी सहमति बनेगी

    नीतीश के नेतृत्व पर सहमति

    भाजपा नेतृत्व साफ कर चुका है कि गठबंधन की स्थिरता के लिए नीतीश कुमार ही सर्वोत्तम चेहरा हैं। हालांकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा, लेकिन पार्टी में इस पर कोई मतभेद नहीं दिख रहा।

    इस बीच चिराग पासवान ने भी नीतीश से मिलकर समर्थन की पुनः पुष्टि कर दी है।

    महिलाओं को बड़ी भूमिका

    नई सरकार में 7 महिलाओं को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। चुनाव में महिला वोटरों ने एनडीए का खुलकर समर्थन किया, जिसके चलते नए मंत्रिमंडल में उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

    Tags :
    Share :

    Top Stories