• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    October 09, 2025

    इस्राइल के पीएम की तारीफ पर कांग्रेस की कड़ी प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया पर बहस तेज

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वेस्ट एशिया शांति योजना के पहले चरण का समर्थन करने और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तारीफ करने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने इस बयान को शर्मनाक और नैतिक रूप से निंदनीय बताया है। मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गाजा को लेकर हुए नए समझौते का स्वागत किया और ट्रंप की सराहना की, जो हैरानी की बात नहीं है। लेकिन नेतन्याहू की बिना शर्त तारीफ करना शर्मनाक और नैतिक रूप से निंदनीय है, जिन्होंने पिछले बीस महीनों से गाजा में नरसंहार मचाया है।

    कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने फलस्तीन के स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के भविष्य पर पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है, जिसे भारत ने नवंबर 1988 में ही मान्यता दे दी थी और जिसे अब 150 से अधिक देश मान्यता दे चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वेस्ट बैंक में इस्राइली बस्तियों के लगातार विस्तार पर भी कुछ नहीं कहा।

    पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को कहा था धन्यवाद
    बता दें कि ये पूरा मामला चर्चा का विषय तब बना जब प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को एक पोस्ट में लिखा था कि हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर बनी सहमति का स्वागत करते हैं। यह इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की मजबूत नेतृत्व क्षमता का भी प्रतीक है।

    उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मिल रही मानवीय सहायता से उन्हें राहत मिलेगी और इससे स्थायी शांति की दिशा में रास्ता खुलेगा। ध्यान रहे कि यह समझौता इस्राइल और हमास के बीच लंबे समय से चल रहे युद्ध में अब तक की सबसे बड़ी प्रगति माना जा रहा है, जिसके तहत लड़ाई रोकने और कुछ बंदियों को रिहा करने पर सहमति बनी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories