दिल्ली के लाल किला इलाके में सोमवार शाम हुए धमाके ने न केवल देश को, बल्कि दुनिया को भी झकझोर दिया है। अमेरिका, ब्रिटेन, पाकिस्तान और कतर के कई प्रमुख मीडिया संस्थानों ने इस घटना पर विस्तार से रिपोर्ट प्रकाशित की है। ज्यादातर रिपोर्टों में लाल किले की ऐतिहासिक अहमियत, वहां आने वाले पर्यटकों की भीड़ और देशभर में जारी हाई अलर्ट का उल्लेख किया गया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स (अमेरिका)
“दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके में जानलेवा विस्फोट”।
रिपोर्ट में कहा गया कि पुलिस ने कार विस्फोट में हुई मौतों की पुष्टि की है, लेकिन अभी सटीक संख्या और विस्फोट के कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं। अखबार ने लिखा कि धमाका उस समय हुआ जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के आसपास शाम का व्यस्त समय था और इलाके में सैकड़ों लोग मौजूद थे।
बीबीसी (ब्रिटेन)
BBC ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि भारत की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार धमाके से राजधानी दहल उठी। ब्रिटिश मीडिया ने बताया कि कम से कम आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है और देशभर में कई शहरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि लाल किला एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां रोजाना हजारों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं।
द डॉन (पाकिस्तान)
पाकिस्तानी अखबार The Dawn ने लिखा कि दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौत और बीस से अधिक लोग घायल हुए। अखबार ने बताया कि धमाके का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। इसके साथ ही रिपोर्ट में प्रधानमंत्री की प्रारंभिक प्रतिक्रिया भी साझा की गई है। डॉन ने इसे भारत की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया।
द गार्डियन (ब्रिटेन)
ब्रिटिश अखबार The Guardian ने लिखा कि दिल्ली में ऐतिहासिक लाल किला स्मारक के बाहर कार विस्फोट में आठ लोगों की मौत हुई। रिपोर्ट में बताया गया कि लाल किला 17वीं सदी का मुगलकालीन स्मारक है और प्रधानमंत्री यहीं से हर साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हैं। द गार्डियन ने इस घटना को भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता बताया।
अल जज़ीरा (कतर)
कतर स्थित Al Jazeera ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि नई दिल्ली के लाल किले के पास भीड़भाड़ वाली सड़क पर जानलेवा विस्फोट हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत और बीस से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया गया कि विस्फोट के बाद मुंबई और उत्तर प्रदेश में उच्च सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि भारत के कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
सीएनएन (अमेरिका)
अमेरिकी चैनल CNN ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला स्मारक के पास हुए कार विस्फोट में दस लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अनुसार, विस्फोट के बाद पूरे देश में हवाईअड्डों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी भवनों और प्रमुख विरासत स्थलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह धमाका न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।
