• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 01, 2026

    टीवी से लेकर मोबाइल तक फीफा वर्ल्ड कप लाइव, जी एंटरटेनमेंट ने किया ब्रॉडकास्ट ऐलान

    भारत में जी एंटरटेनमेंट दिखाएगा फीफा वर्ल्ड कप 2026, युनाइट 8 स्पोर्ट्स और ZEE5 पर होगा प्रसारण

    फीफा वर्ल्ड कप 2026 का प्रसारण भारत में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) करेगा। फुटबॉल प्रशंसक टूर्नामेंट के मुकाबले टीवी पर कंपनी के नए स्पोर्ट्स चैनल ‘युनाइट 8 स्पोर्ट्स’ और डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 पर लाइव देख सकेंगे।

    फीफा वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे।

    जी एंटरटेनमेंट ने घोषणा की है कि उसने 2026 और 2030 के फीफा पुरुष वर्ल्ड कप, 2027 के फीफा महिला वर्ल्ड कप तथा 2034 तक आयोजित होने वाले अन्य प्रमुख फीफा टूर्नामेंट्स के मीडिया अधिकार भी हासिल कर लिए हैं। इसके तहत भारतीय दर्शकों के लिए विशेष डॉक्यूमेंट्री और अन्य कंटेंट भी उपलब्ध कराया जाएगा।

    टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले हुए इस करार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, समय क्षेत्र (टाइम जोन) के अंतर के कारण अधिकांश मुकाबले भारतीय समयानुसार देर रात या आधी रात के बाद खेले जाएंगे, जिसके चलते कई प्रसारण कंपनियां राइट्स खरीदने में रुचि नहीं दिखा रही थीं।

    कई बड़े टूर्नामेंट्स भी दिखाएगा जी

    फीफा वर्ल्ड कप के अलावा जी नेटवर्क अंडर-17 वर्ल्ड कप, महिला अंडर-17 वर्ल्ड कप, अंडर-20 वर्ल्ड कप, महिला अंडर-20 वर्ल्ड कप, फुटसाल वर्ल्ड कप, महिला फुटसाल वर्ल्ड कप और इंटरकॉन्टिनेंटल कप का भी प्रसारण करेगा।

    जियोस्टार से नहीं बनी बात, जी को मिले अधिकार

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फीफा और जियोस्टार के बीच प्रसारण अधिकारों की कीमत को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद जी एंटरटेनमेंट ने इस क्षेत्र में एंट्री करते हुए अधिकार हासिल कर लिए।

    कंपनी ने खेल प्रेमियों के लिए चार नए चैनल लॉन्च किए हैं। इनमें हिंदी दर्शकों के लिए ‘युनाइट 8 स्पोर्ट्स 1’ और ‘युनाइट 8 स्पोर्ट्स 1 HD’ तथा अंग्रेजी दर्शकों के लिए ‘युनाइट 8 स्पोर्ट्स 2’ और ‘युनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 HD’ शामिल हैं।

    8 साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में वापसी

    जी एंटरटेनमेंट करीब आठ साल बाद स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर में वापसी कर रहा है। कंपनी ने 2005 में ‘जी स्पोर्ट्स’ के साथ खेल प्रसारण क्षेत्र में कदम रखा था और बाद में ‘टेन स्पोर्ट्स’ का अधिग्रहण कर अपनी मौजूदगी मजबूत की थी।

    फुटबॉल के अलावा इन चैनलों पर क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, रेसलिंग और अन्य कॉम्बैट स्पोर्ट्स का भी प्रसारण किया जाएगा।

    Tags :
    Share :

    Top Stories