• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    January 23, 2026

    डोडा त्रासदी से आहत सोनू सूद, बोले ईश्वर पीड़ित परिवारों को दे हिम्मत

    जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर अभिनेता सोनू सूद ने गहरा दुख जताया है। इस हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए। यह दुर्घटना डोडा जिले के भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर हुई, जो संकरी सड़कों और गहरी खाइयों के लिए जाना जाता है।

    जानकारी के मुताबिक, सेना के 17 जवानों को एक ऊंची पोस्ट पर ले जा रही बुलेटप्रूफ आर्मी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण 10 जवानों को नहीं बचाया जा सका।

    हादसे के बाद अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सोनू सूद ने लिखा, “डोडा से दिल दहला देने वाली खबर। हमने देश के लिए डटकर खड़े रहने वाले बहादुर सैनिकों को खो दिया है। मेरी प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जो इस दुख से गुजर रहे हैं। घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पूरा देश आपके साथ खड़ा है।”

    जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने भी इस हादसे की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन जवानों को उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया है।

    इस हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है और लोग शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories