• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 31, 2026

    परिवार हिमाचल यात्रा पर, पीछे से घर में सेंध: कैश और जेवरात लेकर भागे बदमाश

    अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर 2 लाख रुपए से अधिक नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना दयानंद नगर की है, जहां परिवार हिमाचल प्रदेश घूमने गया हुआ था। वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

    पीड़ित राधेश्याम ने बताया कि वह 24 मई को परिवार और रिश्तेदारों के साथ हिमाचल घूमने गए थे। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे घर लौटने पर मकान के तीन ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी से 2 लाख रुपए से अधिक नकदी, सोने की दो अंगूठियां, चेन, कंगन, चांदी की पायजेब, एक लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामान गायब मिला।

    परिवार ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक संदिग्ध युवक रात 1:30 बजे से 2:45 बजे तक गली में सरिया लेकर घूमता दिखाई दिया। फुटेज में वह रात करीब 2:40 बजे बैग में चोरी का सामान भरकर ले जाता भी नजर आया। खास बात यह रही कि वारदात के करीब दो घंटे बाद ही परिवार हिमाचल से वापस घर पहुंच गया था।

    सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories