• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 21, 2026

    जमीन कब्जाने के लिए बुजुर्ग दंपती को बताया मृत, कलेक्टर से लगाई गुहार

    अलवर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला की गुरुवार को हुई त्रिस्तरीय जनसुनवाई में लोगों ने अपनी अलग-अलग समस्याएं रखीं। किसी ने तीन साल से रुकी सैलरी की शिकायत की तो किसी ने जमीन पर अवैध कब्जे का मामला उठाया। वहीं सरकारी आईटीआई कॉलेज के एक शिक्षक ने नौकरी पर दोबारा रखने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।

    ग्राम कालापाड़ा निवासी गिर्राज प्रसाद रेबारी ने बताया कि वह जनता जल योजना में पंप चालक के रूप में कार्यरत हैं, लेकिन पिछले तीन साल से उन्हें वेतन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और जलदाय विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सात दिन में भुगतान कराने के निर्देश दिए।

    सरकारी आईटीआई कॉलेज के शिक्षक सुरेश चंद सैनी ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन उन्हें दोबारा नौकरी पर रखने के बदले एक महीने की सैलरी मांग रहा है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से संविदा और कॉन्ट्रैक्ट पर पढ़ा रहे थे और उनके छात्रों ने 2025 में बेहतरीन परिणाम दिए थे। बावजूद इसके उन्हें नॉन-क्वालीफाइड बताकर हटाया जा रहा है। शिक्षक ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी उन्हें वापस नहीं रखा गया।

    जनसुनवाई में करीब 90 वर्षीय नानक सिंह और उनकी पत्नी अर्जीनी कौर भी पहुंचे। दंपति ने आरोप लगाया कि गांव के लोगों ने उन्हें मृत घोषित कर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया। उन्होंने प्रशासन से जमीन वापस दिलाने की मांग की।

    वहीं मालाखेड़ा के पृथ्वीपुरा गांव निवासी महेंद्र ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी बुजुर्ग मां का अपहरण कर जंगल में फेंक दिया गया और आरोपियों ने चांदी के कड़े लूट लिए। नामजद शिकायत के बावजूद पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि बाकी आरोपी अब भी खुले घूम रहे हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories