• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 16, 2026

    ग्राम और वार्ड विकास के रोडमैप पर गुजरात का सहयोग, CM ने गिनाईं उपलब्धियां

    मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश के हर विधायक को विकास कार्यों के लिए अब तक का सबसे ज्यादा फंड दिया है। उन्होंने दावा किया कि सवा दो साल के कार्यकाल में जितनी राशि विधायकों को मिली, उतनी किसी भी पिछली सरकार ने नहीं दी। सीएम ने कहा कि अगर कोई विधायक यह साबित कर दे कि उसे किसी अन्य सरकार के कार्यकाल में इससे ज्यादा पैसा मिला हो, तो वह बताएं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने किसी भी विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया। प्रदेश की 8 करोड़ जनता के विकास को ध्यान में रखते हुए सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए समान रूप से राशि जारी की गई है।

    सीएम शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भिवाड़ी में एल्सीना इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, 34 एमएलडी एसटीपी और खैरथल-तिजारा जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिजूलखर्ची से बचने की अपील के बाद कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया।

    भजनलाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ग्राम विकास और वार्ड विकास के विजन के बारे में बताया था। गुजरात मॉडल की तर्ज पर राजस्थान में भी गांव और वार्ड स्तर पर दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके लिए गुजरात से 15 सदस्यीय टीम जयपुर में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना अगले 10 से 15 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है।

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत में अब 12 सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित हो चुके हैं और राजस्थान भी इस इंडस्ट्री से जुड़ गया है। उन्होंने बताया कि भारत ने चीन को 35 हजार करोड़ रुपए के इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट एक्सपोर्ट किए हैं।

    केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रुपए की लागत से 34 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया है। साथ ही 52 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है, जिससे जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।

    Tags :
    Share :

    Top Stories