• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 21, 2026

    अलवर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अस्थाई दुकानों पर चला बुलडोजर, VIDEO वायरल

    अलवर नगर निगम और यूआईटी के संयुक्त दस्ते ने गुरुवार को शहर के रोड नंबर-2 स्थित मेव बोर्डिंग के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 13 से अधिक अस्थाई दुकानों को तोड़ दिया गया। साथ ही व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश जुनेजा समेत कई दुकानों के आगे बने रैंप, टीनशेड और अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और अधिकारियों के बीच कई बार बहस भी हुई।

    कार्रवाई के दौरान जहां-जहां जेसीबी पहुंची, वहां व्यापारी दस्तावेज लेकर अधिकारियों से उलझते नजर आए। हालांकि अधिकारियों ने समझाइश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। स्वीकृति से अधिक बने चबूतरे और अवैध निर्माण भी तोड़े गए।

    मेव बोर्डिंग की दीवार के बाहर बने अवैध खोखों और अस्थाई दुकानों को हटाने के दौरान कई दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया। वहीं कुछ दुकानदार कार्रवाई से पहले ही अपना सामान समेटते दिखाई दिए।

    यूआईटी तहसीलदार मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे रोड पर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चाहे किसी की भी दुकान हो, अगर अतिक्रमण पाया जाएगा तो उसे हटाया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।

    Tags :
    Share :

    Top Stories